गाजियाबाद :- नाग पंचमी के दिन श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर में पूजा और अभिषेक का विशेष महत्व है। इस दिन, भक्त भगवान शिव और नाग देवता की पूजा करते हैं, शिवलिंग पर दूध चढ़ाते हैं, और नागों की पूजा करते हैं।
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सदस्य व सह मीडिया प्रभारी भाजपा नेता जय कमल अग्रवाल ने परिवार सहित श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर में भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया, श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर पीठाधीश्वर महंत नारायण गिरी जी भी रुद्राभिषेक में सम्मिलित रहे।
नाग पंचमी का विशेष दिन होने पर मंदिर के विद्वान आचार्य गणों द्वारा भगवान श्री दूधेश्वर नाथ का पूरे विधि विधान के साथ रुद्राभिषेक कराया गया एवं नाग देवता की भी पूजा अर्चना की गई।
श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर पीठाधीश्वर श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने बताया इस बार नाग पंचमी पर शिव योग व सिद्ध योग जैसे खास योग बनने से यह पर्व और भी खास व फलदायी बन गया है। इन शुभ योगों में की गई पूजा-अर्चना से नाग देवता के साथ भगवान शिव भी प्रसन्न होते हैं। भगवान शिव के गले में नाग देवता विराजमान रहते हैं। वहीं भगवान विष्णु तो शेषनाग पर ही विराजमान रहते हैं। शेषनाग के फन पर ही यह पूरी पृथ्वी टिकी हुई है। इसी कारण सनातन धर्म में नागों की पूजा का इतना अधिक महत्व है। नाग पंचमी पर पूजा-अर्चना करने से नाग देवता हमारे सभी कष्टों को दूर कर देते हैं।
भगवान श्री दूधेश्वर नाथ का रुद्राभिषेक व नाग देवता की पूजा-अर्चना करने के उपरांत भाजपा नेता जय कमल अग्रवाल द्वारा परिवार सहित मंदिर के पीठाधीश्वर श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज से आशीर्वाद लिया तथा सभी के लिए मंगलकामना की।
0 टिप्पणियाँ