साहिबाबाद : साल 1951 में शुरू हुई देश की जानी मानी एटलस साइकिल कंपनी ने बुधवार को गाजियाबाद के साहिबाबाद, साइट-4 स्थित अपनी फैक्ट्री अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी। कंपनी पिछले लंबे समय से घाटे में चल रही थी जिसके चलते कंपनी को एक के बाद एक अपने सभी प्लांट बंद करने पड़े थे। इससे पहले कंपनी ने मध्यप्रदेश के मालनपुर और हरियाणा के सोनीपत के प्लांट आर्थिक तंगी के चलते बंद कर दिए थे। एटलस साइकिल की गाजियाबाद के साहिबाबाद की यह फैक्ट्री एटलस की सबसे बड़ी और आखिरी फैक्ट्री थी। इसके मैन्युफैक्चरिंग बंद होने के साथ ही एटलस साइकिल ने अब देश में अपना निर्माण बंद कर दिया है
बुधवार को एकाएक साइकिल कंपनी बंद हो जाने के चलते एटलस साइकिल कंपनी से हजारों कर्मचारी बेरोजगार हो गए। उनके आगे अब परिवार को चलाने का संकट खड़ा हो चुका है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए गाजियाबाद के उप श्रमआयुक्त राजेश मिश्रा ने कंपनी के अधिकारियों को औद्योगिक विवाद अधिनियम 1948 के प्रावधानों के अंतर्गत नोटिस जारी किया है।
नोटिस में कहा गया है कि शुक्रवार दोपहर 12 बजे कंपनी के मुख्य अधिकारी उप श्रम आयुक्त ऑफिस पहुंचे और अपनी कंपनी एकाएक बंद करने का कारण बताएं। नोटिस की एक कॉपी उप श्रमआयुक्त द्वारा एटलस साइकिल लिमिटेड एंप्लॉय यूनियन साहिबाबाद को भी भेजी गई है। वहीं नोटिस में इस बात पर भी जोर दिया गया है कोविड-19 जैसी महामारी को देखते हुए उप श्रम आयुक्त ऑफिस में कंपनी के केवल दो ही मुख्य अधिकारी मौजूद रहें।
कंपनी के एकाएक बंद होने के चलते कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और बसपा सुप्रीमो मायावती ने योगी सरकार को आड़े हाथ लेते हुए योगी सरकार पर तंज कसते हुए आलोचना की है।
नीतियां और योजना स्पष्ट करें सरकार : प्रियंका गांधी
प्रियंका ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘विश्व साइकल दिवस के मौके पर साइकल कंपनी एटलस की गाजियाबाद फैक्ट्री बंद हो गई। 1000 से ज्यादा लोग एक झटके में बेरोजगार हो गए। सरकार के प्रचार में तो सुन लिया कि इतने का पैकेज, इतने MoU, इतने रोजगार। लेकिन असल में तो रोजगार खत्म हो रहे हैं, फैक्ट्रियां बंद हो रही हैं।
उन्होंने दूसरे ट्वीट में लिखा कि लोगों की नौकरियां बचाने के लिए सरकार को अपनी नीतियां और योजना स्पष्ट करनी पड़ेगी।’
बसपा सुप्रीमो मायावती ने एटलस साइकल का कारखाना बंद होने पर कर्मचारियों के समर्थन में ट्वीट किया है। मायावती ने लिखा ‘ऐसे समय जबकि लॉकडाउन के कारण बंद पड़े उद्योगों को खोलने के लिए आर्थिक पैकेज आदि सरकारी मदद देने की बात की जा रही है, वहीं यूपी के गाजियाबाद स्थित एटलस जैसी प्रमुख साइकल फैक्ट्री के धन अभाव में बन्द होने की खबर चिन्ताओं को बढ़ाने वाली है। सरकार तुरंत ध्यान दे तो बेहतर है।
0 टिप्पणियाँ