लखनऊ: नागरिकता संशोधन कानून और नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन्स के खिलाफ पूरे देश सहित उत्तर प्रदेश में हो रहे विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहे। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद उग्र विरोध प्रदर्शन हुए, पुलिस पर पथराव के साथ ही आगजनी की गई। कानपुर और फिरोजाबाद में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच फायरिंग हुई। फिरोजाबाद में गोली लगने से एक की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। कानपुर में 7 लोगों को गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। बेकाबू भीड़ ने फिरोजाबाद में नालबंदान पुलिस चौकी फूंक दी और अंधाधुंध फायरिंग हुई।
इस दौरान आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आईं। प्रदर्शनकारियों ने 14 वाहनों के साथ-साथ कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस के ऊपर निशाना बनाकर फायरिंग की गई। एसपी और डीएम प्रदर्शनकारियों के बीच में फंस गए, तो पुलिस फोर्स ने उन्हें बाहर निकाला। प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी प्रदर्शन काफी उग्र रहा। संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस फोर्स तैनात है। आगरा, मथुरा, एटा, कासगंज, मैनपुरी में तनावपूर्ण शांति के बीच पुलिस की गश्त जारी है। सभी जिलों में इंटरनेट बंद होने के कारण अफवाहों पर अंकुश लगा है।
0 टिप्पणियाँ