Hot Posts

6/recent/ticker-posts

दिल्ली मेरा परिवार और मैं बड़ा बेटा, इसलिए महिलाओं की सुरक्षा की ज्यादा चिंता: केजरीवाल

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कहना है कि सभी दिल्लीवासी एक परिवार की तरह हैं। मैं इस परिवार के बड़े बेटे की तरह हूं।


इसलिए महिलाओं की सुरक्षा के लिए अधिक चिंतित रहता हूं।  बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त सफर की शुरुआत की पूर्व संध्या पर त्यागराज स्टेडियम में 6000 सिविल डिफेंस कर्मियों को बस मार्शल प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन के दौरान उन्होंने यह बात कही। अब बसों में 13000 मार्शल हो जाएंगे। सभी बसों में इनकी तैनाती होगी। पहले बसों में 3400 मार्शल थे। इन सभी की ड्यूटी शिफ्ट में होगी।


सीएम ने मार्शलों से कहा कि बस में मेरी बहनों, माताओं व बेटियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी अब आपके हाथ में है। मार्शल बस में हर तरह की आपात स्थिति से तो निपटेंगे ही, बीमार की मदद भी करेंगे। मंगलवार से बसों में महिलाओं का किराया उनका यह भाई देगा। 


दिल्ली सरकार ने महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई पहल की हैं। तीन लाख सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि नवंबर से दो लाख स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। बसों में तैनात 13 हजार मार्शलों में 6 हजार सिविल डिफेंस कर्मी हैं, जबकि 7 हजार पूर्व होमगार्ड हैं।
सीएम ने बेहतरीन काम करने वाले 15 मार्शल को सम्मानित किया। इन्होंने आपात स्थिति में यात्रियों की मदद की थी। सीएम ने उम्मीद जताई कि इसी तरह भविष्य में भी बस मार्शल यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ आपात स्थिति में उनकी मदद करेंगे। मार्शल को ट्रेनिंग देने वाली संस्था जगोरी की निदेशक जया वेलंकर ने कहा कि महिलाओं के लिए बस सर्वाधिक लोकप्रिय परिवहन सेवा है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ