Hot Posts

6/recent/ticker-posts

नोएडा रक्षा वैज्ञानिक को हनीट्रैप में फंसाने वाली सुनीता गुर्जर का भाजपा कनेक्शन, देखिए

नोएडा के आगाहपुर गांव की रहने वाली महिला सुनीता गुर्जर ने हनी ट्रैप के जरिए रक्षा वैज्ञानिक का रविवार को अपहरण कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने रविवार की देर रात सुनीता गुर्जर और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को इन्हें जेल भेजा गया है। गिरफ्तारी के वक्त सुनीता गुर्जर ने पुलिस टीम को जमकर हड़काया था। खुद को भाजपा की दिग्गज नेता बताया था। इतना ही नहीं सुनीता गुर्जर ने एक केंद्रीय मंत्री के नाम पर पुलिस को जमकर फटकार लगाई थी।


जब पुलिस ने उससे भाजपा कनेक्शन के बारे में पूछा तो सुनीता ने तमाम दस्तावेज पुलिस को सौंप दिए। जिनमें सुनीता को पदाधिकारी बनाने से लेकर भाजपा की सदस्यता देने तक के कागजात शामिल हैं। वहीं, दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को सीधे-सीधे बयान जारी किया कि सुनीता गुर्जर का किसी से कोई लेना-देना नहीं है। वह भारतीय जनता पार्टी में प्राथमिक सदस्य तक भी नहीं है।


इस बारे में नोएडा महानगर के अध्यक्ष मनोज गुप्ता का कहना है कि सुनीता गुर्जर का पार्टी से कोई लेना-देना या सरोकार नहीं है। वह तो सुनीता गुर्जर को जानते तक भी नहीं हैं। हालांकि, उन्हें यह जानकारी थी कि महिला ने खुद को भाजपा नेत्री बताया है।


इस पर मनोज गुप्ता ने कहा कि सुनीता ने फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करके खुद को भाजपा नेत्री साबित करने की कोशिश की है। दूसरी ओर सुनीता गुर्जर की गिरफ्तारी के बाद से गौतमबुद्ध नगर भारतीय जनता पार्टी समेत युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और तमाम दूसरे अनुषांगिक संगठनों में खलबली मची हुई है।


सुनीता गुर्जर के सोशल मीडिया अकाउं, व्हाट्सएप, फेसबुक मैसेंजर, चैटिंग और कॉल डिटेल्स की जांच-पड़ताल पुलिस कर रही है। जिसमें कई नेताओं की कुंडलियां खुलने की आशंका गहरा गई है। दूसरी ओर सोशल मीडिया पर सुनीता गुर्जर के तमाम छोटे-बड़े नेताओं के साथ फोटो देखे जा सकते हैं। यह फोटो सोमवार की सुबह से सोशल मीडिया पर तेजी के साथ शेयर किए जा रहे हैं।


इस बारे में मनोज गुप्ता का कहना है कि कोई किसी के साथ भी फोटो खिंचवा सकता है। आजकल लोगों ने फोटो खिंचवाने का फैशन बना रखा है। हालांकि सवाल यह उठता है कि खुद मनोज गुप्ता से लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मंत्री, विधायक, सांसद और पार्टी के बड़े-बड़े पदाधिकारियों के साथ सुनीता के फोटो आम हो गए हैं। इतना ही नहीं पिछले दिनों भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित किए गए तमाम कार्यक्रमों में भी सुनीता की मौजूदगी देखी गई है। पार्टी के विभिन्न पदाधिकारियों की ओर से जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति में भी सुनीता गुर्जर का नाम शामिल किया जाता रहा है। 


जिले में छपने वाले तमाम अखबारों और दूसरे समाचार माध्यमों पर सुनीता गुर्जर का नाम भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रमों में छपता चला आ रहा है। इतना ही नहीं कई पार्टी के पदाधिकारियों ने सुनीता गुर्जर के फोटो प्रेस विज्ञप्तियों के साथ समाचार माध्यमों को भेजे हैं। इस सब को देखकर साफ लगता है कि भारतीय जनता पार्टी की नोएडा महानगर इकाई सुनीता गुर्जर पर एक्शन लेने से बचने के लिए उसकी संगठन में मौजूदगी कोई सिरे से नकार रही है।


पिछले दिनों नोएडा महानगर में चौराहों और बड़ी इमारतों के इर्द-गिर्द कुछ होर्डिंग और पोस्टर भी लगाए गए थे। जिसमें सुनीता गुर्जर ने खुद को महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष नियुक्त करने पर पार्टी नेतृत्व का आभार जाहिर किया था। इन पोस्टरों और होर्डिंग पर जिले से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के तमाम नेताओं की फोटो सुनीता गुर्जर ने पब्लिश करवाई थी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ