Hot Posts

6/recent/ticker-posts

बलिया की रागिनी को मिला न्याय, प्रधान पिता-पुत्र समेत चारों आरोपी जीवनभर जेल में रहेंगे

पीड़िता को मिला न्याय बलिया में छेड़खानी का विरोध करने पर सरेराह मार दी गई 12वीं की छात्रा रागिनी की हत्या में आरोपी चारों दोषियों को अदालत ने शुक्रवार को उम्र कैद की सजा सुनाई।


अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम व विशेष न्यायाधीश पाक्सो चंद्रभानु सिंह की अदालत ने सभी पर 50-50 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। इसमें से आधा पैसा रागिनी के परिजनों को मिलेगा। घटना में पांच आरोपी बनाए गए थे। एक आरोपी के नाबालिग होने के कारण उसका मामला किशोर न्यायालय में चल रहा है। 


8 अगस्त 2017 को बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के बजहां गांव में स्कूल जा रही जितेंद्र नाथ दुबे की 12वीं में पढ़ने वाली छात्रा रागिनी की इलाके के ग्राम प्रधान कृपाशंकर तिवारी के बेटे आदित्य उर्फ प्रिंस अौर उसके एक दोस्त ने सरेराह चाकू गोदकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद प्रधान अौर उसके भतीजों ने रागिनी के परिवार पर कई तरह का दबाव बनाया अौर धमकी भी दी। 


जितेन्द्र की तहरीर पर पुलिस ने बजहां के प्रधान कृपाशंकर तिवारी, उसके पुत्र प्रिंस, भतीजों के खिलाफ कई धाराअों में केस दर्ज किया गया था। वारदात की रात ही पुलिस ने मुख्य आरोपित प्रिंस को उसके साथी के साथ गोरखपुर से गिरफ्तार कर लिया था। तीसरे आरोपित नीरज तिवारी पुत्र चंद्रमणि तिवारी ने दो दिनों बाद अदालत में समर्पण किया था। मामले की सुनवाई चश्मदीद गवाह रागिनी की बहन अौर कई साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने गुरुवार को चारों अभियुक्तों को दोषी करार दिया था। 



परिवार को मिलती रही धमकियां फिर भी नहीं डिगा हौसला
रागिनी की हत्या के बाद उसकी बहनों और पिता को लगातार धमकियां मिलती रही। इसके बाद भी परिवार का हौसला नहीं डिगा। यहां तक की रागिनी की हत्या की एकमात्र चश्मदीद गवाह उसकी छोटी बहन के साथ छेड़खानी हुई और जान से मारने की धमकी दी गई। रागिनी हत्याकांड में आरोपी प्रधान के भतीजे ने पुलिस की मौजूदगी में रागिनी के पिता को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने जब मामला शांत कराने की कोशिश की तो वह पुलिस से ही भिड़ गया था। रागिनी के पिता जितेन्द्र दूबे के घर भी पहुंचकर धमकी दी जा रही थी। प्रधान का भतीजा उनके घर पर चढ़कर धमकी देता था। आरोपियों  के दरोगा जीजा पर भी धमकी देने का आरोप लगा। आरोपियों को सत्ता का संरक्षण मिलने का आरोप भी लगा। इसके बाद पूरा बलिया रागिनी के परिवार के साथ आ गया। रागिनी की बहनों के साथ लोगों ने धरना प्रदर्शन भी किया। अब परिवार को उम्मीद है कि रागिनी को न्याय जरूर मिलेगा। उसके हत्यारों को फांसी की सजा दी जाएगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ